जवाहर नवोदय विद्यालय में रैगिंग की घटी घटना, अर्धनग्न कर छात्र को रातभर बेल्ट से पीटा।

धनबाद: जिले के निरसा थाना क्षेत्र इलाके से दिल को दहला देने वाली एक घटना सामने आई है जहां बेनागोडिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में दसवीं कक्षा के छात्र के साथ उसके ही सहपाठियों के द्वारा जमकर पिटाई करने की बात सामने आई है.

 

इस घटना से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ है. जिसमें एक छात्र की पांच लड़कों के द्वारा जमकर पिटाई की जा रही है. सभी लड़कों के हाथ में शरीर में पहनने वाले बेल्ट थे और उसी से जमकर पिटाई करते दिख रहे हैं. बीच-बीच में सुमित को पानी भी पिला रहे हैं और पानी पिलाने के बाद फिर पिटाई कर रहे हैं. यह घटना रात के समय में घटित हुई है. आश्चर्य की बात यह है कि इस प्रकार की घटना होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन और वार्डन तक इस बात की भनक नहीं लगी. वीडियो में उक्त छात्रा को अर्धनग्न कर पीटा गया है. वीडियो में साफ तौर पर बेल्ट के निशान उसके पैर और पीठ पर दिख रहा है.

 

बताया जा रहा है कि इस घटना के दो दिनों के बाद पीड़ित छात्र ने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी जो गोविंदपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. इसके बाद उसके परिजन निरसा पहुंचे और उसे धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है.

 

 वहीं इस घटना से स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश है. लोगों ने विद्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया. जानकारी के अनुसार विद्यालय में पहले भी कुछ घटनाएं घटित हो चुकी है जिस पर विद्यालय प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया और फिर एक घटना घटित हो गई. फिलहाल विद्यालय प्रबंधन ने बढ़ते आक्रोश को देखते हुए आरोपी छात्रों को स्कूल से निकाल दिया है. विद्यालय प्रबंधन और प्रशासन इस घटना की पूरी जांच में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *