धनबाद: जिले की धनबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. जंहा अवैध हथियार के साथ एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथी के साथ किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।यह जानकारी डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने गुरुवार को प्रेस वार्ता के माध्यम से पत्रकारों को दी।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे सूचना मिली थी कि हीरक रोड आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ स्थित एक बंद मकान के समीप दो अपराधी किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों युवक भागने लगे, लेकिन भागने के दौरान गिर जाने से मोनू कुमार यादव पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान मोनू कुमार यादव के कमर से एक लोडेड अवैध पिस्टल बरामद हुई। साथी तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। बरामद पिस्टल पर “MADE IN USA” अंकित है। आरोपी हथियार का कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में हुई है। अपराधी मोनू आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने इस मामले में भूली ओपी में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
प्रकाश सोय – डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर।
