इलाज के दौरान फैक्ट्री कर्मी की मौत, मुआवजे को लेकर गेट पर प्रदर्शन, कई जन प्रतिनिधि मौजूद।

धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भितिया स्थित श्री खाटु श्याम जी सीमेंट मैन्युफैक्चरिंग प्राइवेट लिमिटेड प्लांट में कार्यरत एक कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद रविवार को आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने फैक्ट्री के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुरेश राम महतो के रूप में हुई है, जो भितिया गांव के निवासी थे और कंपनी में वेल्डर के पद पर कार्यरत थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग दो माह पूर्व कार्य के दौरान सुरेश राम महतो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बाद उनका इलाज धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वेल्लोर स्थित अस्पताल रेफर किया गया था। परिजनों के अनुसार, वेल्लोर में डॉक्टरों ने जवाब दे दिया, जिसके बाद वे घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। सभी लोग शव को लेकर फैक्ट्री गेट पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया

परिजन ने आरोप लगाया कि कंपनी की लापरवाही के कारण ही कर्मी की जान गई है।
ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन से उचित मुआवजा, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। साथ ही वे फैक्ट्री मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने में जुटी हैं।
फिलहाल अभी फैक्ट्री मालिक का इंतजार हो रहा है इसके बाद मुंवावजे को लेकर वार्ता होगी आगे की जानकारी वार्ता के बाद देने का प्रयास करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *