धनबाद : जिला स्थित कारमेल स्कूल में बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार ने छात्र–छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को आधुनिक साइबर अपराधों, पुलिस की भूमिका और सुरक्षा संबंधी पहलुओं से जागरूक करना था।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके बताये और समझाया कि इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग कैसे किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा से बचाव तथा आपात स्थिति में पुलिस की सहायता प्राप्त करने के उपायों की जानकारी दी।
अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही हर प्रकार के अपराध से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। उन्होंने छात्रों को निडर होकर पुलिस से संपर्क करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया।
स्कूल प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह की पहल से बच्चों में सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ेगी और वे समाज में जिम्मेदार नागरिक बन सकेंगे।
यह पहल समाज में सुरक्षा जागरूकता को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।
