धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र स्थित कृषि बाजार मंडी परिसर में रविवार की देर शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने स्थानीय व्यापारी श्याम भीमसरिया पर हमला कर चार लाख रुपये लूट लिए और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
सोमवार को घटना के विरोध में कृषि बाजार समिति के व्यापारियों ने मंडी परिसर को बंद रखा और गेट के पास धरना-प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रशासन से शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटी गई रकम की बरामदगी की मांग की। उनका कहना था कि लगातार व्यापारियों पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे व्यवसायी समुदाय असुरक्षित महसूस कर रहा है।
धरना में जिलेभर के व्यापारी संगठनों ने हिस्सा लिया। मौके पर धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह और निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल भी पहुंचे और व्यापारियों के आंदोलन का समर्थन किया। सांसद ढुल्लू महतो ने कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है, प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी सदन में अपराध और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया जाता है, तब माइक बंद कर दिया जाता है।
निवर्तमान मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने कहा कि मंडी परिसर में तुरंत सीसीटीवी कैमरे, टॉप (TOP) पुलिस पोस्ट और टाइगर जवानों की तैनाती की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जिला चैम्बर अध्यक्ष चेतन गोयंका ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान की मांग की।
