बाइक सवार अपराधियों ने दिनदहाड़े लूटे 5 लाख रुपए, जांच में जुटी पुलिस।
धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुमादहा गांव में शुक्रवार को बाइक सवार दो अपराधियों ने दिनदहाड़े गुलेन चन्द्र मंडल के घर के बाहर से बाइक सवार अपराधियों ने 5 लाख रुपए लूटकर मौके से फरार हो गए। गुलेन चन्द्र मंडल अपनी बेटी की शादी के लिए यह पैसे गोबिंदपुर के SBI बैंक में जमा किया था जो वह निकालकर अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच बाइक सवार अपराधियों ने लूट को अंजाम दिया।
वही निवासी गुलेन चन्द्र मंडल ने बताया कि वह अपनी बेटी की शादी के लिए यह रकम बैंक में जमा किए थे। जैसे ही वह बैंक से रुपए लेकर अपने घर के दरवाजे पर पहुंचे, तभी दो बाइक सवार अपराधी उनके पास पहुंचे, इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना को इतनी तेजी से अंजाम दिया गया कि विरोध का मौका भी नहीं मिला। छिनतई के बाद दोनों अपराधी तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही बरवाअड्डा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए मामले की छानबीन में जुट गई है।
